ईद-उल-जुहा का पर्व आपसी प्रेम और भाईचारे के साथ मनाएं, शांति-व्यवस्था बनाए रखें : जिला प्रशासन

Subscribe






Share




  • States News

मथुरा 29 जुलाई 2020

 

मुख्य विकास अधिकारी नितिन गौड़ एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डाॅ. गौरव ग्रोवर ने मंगलवार को पुलिस लाइन सभागार में बकरीद से संबंधित बैठक लेते हुए निर्देश दिये कि जनपद में सभी स्थानों पर विशेष साफ-सफाई अभियान चलाया जाये तथा भीड़ वाले स्थान, कन्टेन्मेंट एरिया में सेनेटाइज कराया जाये।

सीडीओ ने निर्देश दिये कि बकरीद से पूर्व ही सभी बिजली के तारों की टैपिंग करा दी जाये तथा ईद के दिन बिजली व्यवस्था को सुचारू बनाये रखा जाये। उन्होंने नगर निगम एवं जल निगम के अधिकारियों को निर्देश दिये कि पानी की टंकियां उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें।

श्री गौड़ ने जनपदवासियों से अनुरोध किया है कि वह ईद-उल-जुहा का आपसी प्रेम एवं भाईचारे के साथ मनायें और कोई भी ऐसा कार्य न करें, जिससे दूसरे सम्प्रदाय के लोगों की भावनाएं आहत न हों। उन्होंने कहा कि जनपद मथुरा में सभी त्यौहार बड़े प्रेम और सौहार्द से मनाये जाते हैं। वर्तमान में भी यह त्यौहार प्रेम और सौहार्द से मनाये जायेंगे।

बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डाॅ. गौरव ग्रोवर ने निर्देश दिये कि बकरीद ईद को घर पर ही मनायें। उन्होंने कहा कि सबसे पहले अपनी जिन्दगी की हिफाजत करनी है, इसलिए त्यौहार मनाते समय लाॅक डाउन की शर्तों का पालन किया जाये। उन्होंने कहा कि पुलिस प्रतिक्षण आपके साथ है। इमामों और बुजुर्गों की यह जिम्मेदारी है कि वे नई पीढ़ी को सादगी के साथ त्यौहार मनाने के लिए प्रेरित करें।

डाॅ. ग्रोवर ने कहा कि जब तक कोरोना की दवा नहीं आती है, तब तक बचाव के उपायों का पालन करना हम सबकी जिम्मेदारी है। हम लोग मास्क का प्रयोग करते हुए समाजिक दूरी को बनाये रखें। उन्होंने कहा कि इस बीमारी से लड़ने के लिए सभी का सहयोग मिलता रहा है और उम्मीद है कि आगे भी मिलता रहेगा। उन्होंने निर्देश दिये कि किसी भी परिस्थिति में प्रतिबन्धित जानवर को नुकसान न पहुँचाया जाये। उन्होंने कहा कि जहां कुर्बानी दी जाये, उस स्थान को पर्दे से ढक लिया जाये।

इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी प्रशासन सतीश कुमार त्रिपाठी, पुलिस अधीक्षक नगर उदय शंकर सिंह, नगर मजिस्ट्रेट मनोज कुमार सिंह, सभी पुलिस अधीक्षक, सीओ, उप जिलाधिकारी, नगर निगम, बिजली, जल निगम सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारीगण उपस्थित थे।

TTI News

Your Own Network

CONTACT : +91 9412277500


अब ख़बरें पाएं
व्हाट्सएप पर

ऐप के लिए
क्लिक करें

ख़बरें पाएं
यूट्यूब पर